सदर पुलिस अपराधियों पर नियंत्रण को लाख दावा करे, लेकिन अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार रात दो पक्षों में विवाद होने पर आधी रात तक रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। इससे आनंदपुरम् कॉलोनी और मदराखेल के लोग दहशत में रहे। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से मारपीट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
आनंदपुरम् कॉलोनी और मदराखेल मोहल्ला पास-पास हैं। दोनों मोहल्ले के कुछ लोग सोमवार को जुआ खेल रहे थे। एक पक्ष जुए में हार गया तो उसका दूसरे पक्ष से विवाद हो गया और मारपीट हो गई। बताते हैं हारने के बाद एक युवक रात लगभग नौ बजे घर पहुंचा और उसने अपने घर का सामान तोड़ डाला और खुद फायरिंग करने के बाद यूपी-100 को सूचना दे दी। रात लगभग साढ़े नौ बजे जब पुलिस पहुंची तो युवक ने बताया कि घर में तोड़फोड़ और फायरिंग करने वाले लोग भाग गए है। जब दूसरे पक्ष को इसकी जानकारी मिली तो उसने भी रात में ही फायरिंग शुरू कर दी।
आधी रात तक रुक-रुक फायरिंग होने से दोनों मोहल्ले के लोग दहशत में आ गए। सूचना पर जब पुलिस पहुंची, तब मामला शांत हुआ। बाद में सदर बाजार पुलिस ने एक पक्ष के शिवशंकर और दूसरे पक्ष के प्रदीप की ओर से एनसीआर दर्ज कर ली। हद्दफ चौकी इंचार्ज संतोष कुमार ने मामला रंगदारी से जुड़ा बताया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।