बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे फर्रुखाबाद हाइवे पर जलालाबाद से अल्हागंज के बीच दो बुलेरो सवार बदमाशों ने बकाया वसूलकर कार से घर लौट रहे गल्ला कारोबारी से साढ़े नौ लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों ने ड्राइवर को मारकर अचेत कर दिया और दो फायर भी किए। पीड़ित कारोबारी ने मोबाइल पर परिवार को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में किसी को पकड़ा नहीं जा सका। आरंभिक पड़ताल में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस लूट की बात को संदिग्ध मान रही है।
लूट का शिकार हुए अल्हागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामगंज निवासी सुनील कश्यप (30) बाबा भैरोनाथ ट्रेडिंग कंपनी के नाम से गल्ले का बड़ा कारोबार करते हैं। बृहस्पतिवार को वह बरेली के फरीदपुर से तगादा वसूलकर रात को अपनी वैगनआर कार से लौट रहे थे। कार उनका ड्राइवर अल्हागंज के मोहल्ला साहूकारा निवासी लंकुश चला रहा था। जलालाबाद से करीब 12 किमी अल्हागंज की ओर बढ़ने पर गांव ठिंगरी और गोरा के बीच पीछे से दो बोलेरो ने ओवरटेक उनकी कार को रुकने को विवश किया। उसमें से चेहरे बंधे लोगों को उतरता देख सुनील ने बैग समेत कार से सड़क किनारे छलांग लगा दी और पानी भरे खेतों में माटी के कीचड़ से सन गए। लुटेरों ने ड्राइवर को खींचकर कार से बाहर निकाला और जमकर पीटाई जिससे वह अचेत हो गया। कार में बैग न पाकर उन्होंने दो फायर किया, जो कार पर लगे। इसके बाद सुनील को खींचकर उनका बैग अपने कब्जे में किया और चलता बने।
लूटे गए कारोबारी सुनील कश्यप ने बताया कि वह फरीदपुर से राहुल नाम के कारोबारी से रुपये लेकर आ रहे थे, लेकिन मौके से ही राहुल को फोन करने पर पता चला कि उसेे इसकी जानकारी नहीं है। उसने अपने मुनीम से पूछकर बताने की बात कही और पौन घंटा बाद कंफर्म किया कि उसके यहां से साढ़े नौ लाख रुपये सुनील लेकर गया है। लुटेरों की सही संख्या, उनके बोलचाल का अंदाज, कदकाठी आदि के बारे में भी शिकायतकर्ता कुछ बता नहीं पा रहे हैं। पूछताछ जारी है और सुबह तक सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
- आदेश त्यागी, सीओ जलालाबाद।