डाउनयार्ड में किसान एक्सप्रेस से गिरकर रेलवे के लेबर ठेकेदार की मौत हो गई, जिसकी पहचान उसके पास से मिली एमएसटी से हुई है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी 57 वर्षीय देशबंधु मिश्रा पिछले कई सालों से रेलवे में लेबर की ठेकेदारी का कार्य कर रहे थे। घरवालों के अनुसार वह शनिवार को ठेकेदारी के काम से हरदोई गए थे और किसान एक्सप्रेस से लौटने को कहा था। शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे रोजा डाउन यार्ड के पास किसान एक्सप्रेस से एक यात्री को लोगों ने गिरते देखा, जिसकी मौत मौके पर ही हो गई। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची, तलाशी में मृतक की जेब से मिली एमएसटी से उनकी पहचान देशबंधु मिश्रा के रूप में हुई।
एमएसटी में दिखाए गए पते और मोबाइल नंबर पर जीआरपी ने संपर्क किया तो मृतक की पत्नी नीरजा मौके पर पहुंचीं। पति की लाश को देखकर वह बेसुध हो र्गइं। महिलाओं ने किसी तरह से नीरजा को संभाला। जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक देशबंधु के तीन बेटियां ही हैं। पिता की मौत की खबर से बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।