शुक्रवार शाम पुत्रवधू को उसके बेटे के साथ बाइक से मायके छोड़ने जा रहे किसान की ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पुत्रवधू और पौत्र घायल हो गए। हरदोई के थाना पचदेवरा के गांव कौंधी निवासी 50 वर्षीय अवध किशोर उर्फ भूरे फर्रुखाबाद के पंचाल घाट की रामनगरिया में रहकर अपने परिवार के साथ गंगा स्नान कर रहे थे। शुक्रवार को अवध किशोर अपनी पुत्र वधू रजनी और तीन वर्षीय पौत्र अंशू को बाइक से लेकर जमलापुर, थाना पाली जा रहे थे। गांव रघुनाथपुर के पास हरदोई की तरफ से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे अवध किशोर, रजनी और अंशू उछलकर दूर जा गिरे। अवध किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रजनी और अंशू गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पाकर मृतक के छोटे भाई रामकिशोर शुक्ला घरवालों के साथ मौके पर पहुंचे। राहगीरों ने ट्रक समेत ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल मां-बेटे को जिला अस्पताल भेजा गया है।