थाना कांट क्षेत्र में एक सप्ताह पहले युवती के साथ छेड़खानी करने के मामले में आरोपी अब राजीनामा न करने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किशोरी के भाई ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि 26 फरवरी को उनकी बहन शहर से टेंपो में बैठकर घर आ रही थी। रास्ते में टेंपो के परिचालक आरिफ ने उसके साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर आरिफ ने अश्लील हरकतें करते हुए उनकी बहन के कान के कुंडल नोच लिए थे। सूचना मिलने पर पहुंचे युवती के भाई की आरिफ ने अपने साथियों, अतीक, इरफान और रिजवान, के साथ लाठी-डंडों से पिटाई कर दी थी। हमलावर पीड़ित से 20 हजार के लहंगे और मोबाइल छीन भी ले गए थे। पीड़ित की शिकायत पर मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी आरिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाकी बचे तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए राजीनामा का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने कांट पुलिस को आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।