घर के सामने जुआं खेलने से मना करने पर हथियारों से लैस लोगों ने ग्रामीणों पर लात-घूसों और लाठी-डंडे से हमलाकर मारपीट की। विरोध करने पर एक युवक को चाकू से बार कर घायल कर दिया। यही नहीं हमलावरों ने घायल को अगवा करने की कोशिश भी की थी। पैतापुर गांव में इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद रोजा पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार को पीड़ित लोग पहले एएसपी ग्रामीण रमेश कुमार भारतीय से मिले और इसके बाद कलक्ट्रेट में धरना देकर हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। धरना स्थल पर मौजूद ग्राम पंचायत रामापुर बरकतपुर के मझरा पैतापुर निवासी श्यामाचरण ने बताया कि पड़ोसी गांव के कुछ लोग आए दिन उनके यहां पहुंचकर शराब पीकर गालियां देते और जुआ खेलते हैं। बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी गांव के लोगों ने शराब पीकर पहुंचे लोगों से जुआ खेलने को मना किया तो वे झगड़ा करने पर आमादा हो गए। अन्य ग्रामीणों के समझाने पर दूसरे पक्ष के लोग उस समय तो चले गए। मगर दोपहर करीब 12 बजे एक सिख युवक के साथ कुछ लोग राइफल, बंदूक, धारदार हथियार लेकर दुबारा आ धमके और ग्रामीणों पर हमला बोल दिया और मारपीट की। हमलावरों ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडे से पीटा। इस दौरान चाकू से बार करके श्यामा चरण को घायल कर दिया। इसमें गांव की कई महिलाओं को गंभीर चोटें भी आईं। हमलावरों ने कई घरों में रखे बक्से तोड़कर उनमें रखी नगदी-जेवर आदि लूट लिया। एएसपी ने घटना की जांच कर उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में धरना देकर हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार कराने की मांग की। धरना में बबली देवी, अमर सिंह, मीरा, रामवती, छंगालाल, अनंत राम, मूलचंद्र, मुंशी लाल, प्रमोद कुमार आदि शामिल रहे।