दो माह पूर्व कोतवाली तिलहर के बंथरा में असलहों के बल पर पशुओं से भरी डीसीएम लूटने वाले गैंग के सरगना पर एसपी ने पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया है।
बता दें कि दो माह पहले रात में रामपुर के चार व्यापारी फैजाबाद के जुबैरगंज से दस दुधारू पशु लेकर डीसीएम से रामपुर ले जा रहे थे। जब डीसीएम तिलहर के गांव बंथरा के पास पहुंची, तभी सामने से सफेद रंग की बोलेरो कार सवार बदमाशों ने डीसीएम चालक हेल्पर और चारों व्यापारियों को असलहों के बल पर बंधक बनाकर उन्हें कटरा के फीलनगर गांव के सामने गन्ने के खेत में हाथ पैर बांध कर डाल कर जानवरों से भरी डीसीएम लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना कटरा की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई। पिछले महीने पुलिस को सफलता मिल गई। इसमें पुलिस ने इमरान पुत्र अब्बास निवासी जई भावनपुर संभल और इरशाद पुत्र मो. दीन सराय तरीन हयात नगर संभल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शाने आलम और रिजवान को रामपुर पुलिस ने पकड़ कर जेल भेज दिया था, लेकिन गैंग का सरगना इरशाद पुत्र आस मोहमद उर्फ आंसू निवासी गांव रुकमपुर भावनपुर मेरठ फरार चल रहा है। पुलिस के अनुसार गैंग का सरगना लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा है। इसी को देखते हुए शासन के निर्देश पर एसपी आरएस यादव ने शुक्रवार को गैंग के सरगना पर पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया है।