लेनदेन को लेकर झगड़े और फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ही दबंगों ने हमला कर दिया। दबंगों ने पुलिस पर लाठियां भांजी और फायरिंग भी की। हालांकि फायरिंग में पुलिस टीम को कोई चोट नहीं आई लेकिन एक होमगार्ड के सिर में लाठी लगने पर वह घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव चेना रूरिया निवासी सोमेंद्र गांव को ही कोटेदार नन्हेलाल से कुछ रुपये लेने हैं। सोमेंद्र ने नन्हेलाल से कई बार अपने रुपये मांगे लेकिन उसने सोमेंद्र को टरका दिया। शुक्रवार रात 10 बजे सोमेंद्र, अजयपाल और गेंदन तमंचे लेकर नन्हेलाल के घर जा धमके और रुपये मांगे। धमकाया कि रुपये वापस करो नहीं गोली मार दूंगा। ये तीनों फायर करते इससे पहले नन्हेलाल ने अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया। इसी बीच सूचना पर निगोही थाने के दरोगा जीत सिंह, शिवपाल सिंह पुलिस बल के साथ नन्हेलाल के घर जा पहुंचे। पुलिस देख सोमेंद्र, अजयपाल और गेंदन ने तमंचे से पुलिस पर ताबड़तोड़ कई फायर झोंक दिए। पुलिस टीम ने अपने को गोली से बचा लिया। दबंगों ने पुलिस टीम पर लाठियां भी भांजी जिससे उनके साथ गए होमगार्ड केपी सिंह के सिर पर चोट लग गई। घायल होमगार्ड केपी सिंह को निगोही के अस्पताल ले जाया गया। वहीं पुलिस ने सोमेंद्र, अजयपाल और गेंदन को तमंचों सहित पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गए तीनों हमलावरों के विरुद्ध सेवेन लॉ अमेंडमेंट क्रिमिनल एक्ट और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया। घायल केपी सिंह का निगोही अस्पताल में मेडिको लीगल कराया गया।