दबंग परिवार के एक शख्स ने दलित किसान की नाबालिग बेटी को अगवा कर तीन दिन तक अपने घर में बंधक बनाए रखा और इस दौरान उसके साथ रेप करता रहा। मंगलवार को उसके चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची किशोरी के आपबीती सुनाने के बाद घरवालों ने दबंग के खिलाफ थाने जाकर नामजद तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाक्सो और एससीएसटी एक्ट के तहत रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसके घर पर दबिश भी दी लेकिन वह पहले ही अपने परिवार वालों के साथ फरार हो चुका था।किशोरी की मां की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक उसकी 14 वर्षीय बेटी गांव के जूनियर हाईस्कूल में आठवीं की छात्रा है। 13 मार्च यानी रविवार की शाम करीब सात बजे उसकी बेटी खेत पर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान पास के गांव सुजाबलपुर का रहने वाला 45 वर्षीय बांटू यादव उसे उठा ले गया और उसे अपने घर के पड़ोस में बंद पड़े एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया। लड़की को उसने तीन दिन तक इसी घर में रखा और इस दौरान कई बार उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर वह लड़की को जान से मारने की धमकी देता था।किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह बांटू घर से कहीं निकला तभी मौका देखकर उसकी बेटी वहां से भाग निकली। अपने घर पहुंचकर परिवार वालों को सारा वाकया बताया। तीन दिन से उसकी तलाश में जुटे परिवार वाले उसकी आपबीती सुनने के बाद उसे साथ लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। एसओ परवेज सिंह ने बताया कि किशोरी के गायब होने के बाद परिवार वालों ने थाने में कोई सूचना नहीं दी। वे उसे तलाश करते रहे। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रहीं है।