टैंकर की चपेट में आकर साइकिल सवार की मौत
रोजा पावर प्लांट के मजदूर 40 वर्षीय सेवाराम की बुधवार की सुबह हरदोई रोड पर गांव जलालपुर के पास प्लांट के ही टैंकर की चपेट में आकर मौत हो गई। चालक ने टैंकर लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरसी मिशन पुलिस ने घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव ऐंठापुर निवासी सेवाराम रोजा पावर प्लांट में मजदूरी करते थे। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे साइकिल से पावर प्लांट जा रहे थे। रास्ते में गांव जलालपुर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आकर सेवाराम घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है। आरसी मिशन ने टैंकर को पकड़ लिया है। पुलिस ने बताया कि टैंकर रोजा पावर प्लांट का ही है।
बेटी की शादी की तैयारी में लगे थे सेवाराम
मृतक सेवाराम पावर प्लांट में मजदूरी करके अपने छह बच्चों का पेट पाल रहे थे। पत्नी शांतिदेवी रोजना की तरह सुबह तड़के उठकर पति के लिए खाना तैयार कर देती थी। रोजाना की तरह बुधवार को भी सुबह सेवाराम घर पावर प्लांट के लिए निकले थे। पत्नी को यह नहीं पता था कि वह अब कभी वापस नहीं आएंगे। पत्नी शव पर विलाप करते ही शांति बिलख-बिलख कर यह कह रही थीं। सेवाराम के छह बच्चे हैं इसमें 18 वर्षीय राम देवी, उसे छोटी जय देवी, बेटा राम कृपाल, अंश, रजनी और नैतिक है। 15 दिन पहले ही सेवाराम ने बेटी राम देवी की शादी तय की थी। उसकी शादी जुलाई में हरदोई के पाली निवासी आनंद से होनी तय हुई थी। सेवाराम बेटी की शादी के लिए जोड़तोड़ में लग गए थे। उनकी मौत के बाद घर में कोई ऐसा नहीं है जो परिवार को दो वक्त की रोटी खिला दे। सेवाराम के पिता निरंजन और मां सुरसा देवी भी वृद्ध हो चुके है। दोनों बेटे की मौत से बेसुध हो गए हैं।