स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पुवायां शाखा में रुपए जमा करने गए एक व्यक्ति का थैला काटकर 73 हजार से अधिक की रकम जेबकतरों ने उड़ा दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। गांव मदारपुर बैवहा निवासी सुरेश सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को चह एक थैले में 73 हजार छह सौ रुपए की रकम लेकर एसबीआई स्थित अपने खाते में जमा करने आए थे। रकम जमा करने के लिए फार्म भरते समय किसी ने थैले को नीचे से काट दिया और थैले में रखे रुपए निकाल लिए। कैशियर को रुपए देने के लिए उन्होंने थैला देखा तो रकम गायब देख सुरेश के होश उड़ गए। शोर मचाने पर बैंक के तमाम ग्राहक और बैंककर्मियों ने उनसे मामले की जानकारी ली और पुलिस के पास जाने की सलाह दी। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार विश्नोई ने बताया कि बैंक से सीसीटीवी फुटेज मंगाई गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।