थाना रोजा क्षेत्र के गांव दियूरिया में रविवार की शाम बोरिंग कर रहे मिस्त्री की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। देर शाम सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव दियूरिया निवासी रामवीर को अपने खेत में बोरिंग करानी थी। वह रविवार की सुबह गांव कटिया रज्जब निवासी बोरिंग मिस्त्री शिवराम को बोरिंग कराने के लिए बुलाकर ले गए थे। शाम को बोरिंग करते समय अचानक पाइप में करंट आ गया। जिसकी चपेट में आकर शिवराम की मौत हो गई। अचानक हुए हादसे में गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना पर देर शाम मौके पर पुलिस पहुंच गई। मृतक के घर में घटना से कोहराम मच गया। शिवराम की पत्नी मंजू देवी की एक साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। वह अपने पीछे एक बेटा और छह बेटियां छोड़ गईं थीं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मृतक के परिवार वालों को सौंप दिया है।