थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी करबला में मंगलवार की शाम गौरी मेडिकल स्टोर पर फायरिंग करने का आरोपी माजिद को बुधवार की शाम पुलिस मुठभेड़ में एक तमंचा और पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले जिला केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी से मिले थे।
मोहल्ला खलीलगर्वी में रहने वाले सलमान खां के मोहल्ला चमकनी करबला स्थित गौरी मेडिकल स्टोर पर मंगलवार की शाम रंगदारी न देने पर फायरिंग कर दी थी। बुधवार की शाम करीब पांच बजे बहादुगंज चौकी इंचार्ज आशुतोष रघुवंशी पुलिस टीम के साथ मोहल्ला चमकनी में माजिद की तलाश में थे, तभी वहां से गुजर रहे माजिद ने पुलिस टीम को देखकर सीधा फायर कर दिया। जिसमें पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। पुलिस टीम ने माजिद की घेरांबदी करके एक तमंचा और पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आशुतोष रघुवंशी की तरफ से आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।