क्षेत्र के गांव हथौड़ा में रहने वाली दलित बिरादरी की एक युवती ने चार दिन पहले पड़ोस में रहने वाले एक मुस्लिम लड़के से निकाह कर लिया। युवती के परिवार वालों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर उन्होंने थाने में हंगामा किया। पुलिस ने युवती को लड़के के साथ भेज दिया है।
गांव हथौड़ा में रहने वाले एक दलित परिवार की 20 वर्षीय बेटी शहर के एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। उसका चार साल से पड़ोस में रहने वाले मुस्लिम युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार दिन पहले मुस्लिम युवक ने युवती से निकाह कर लिया।
शनिवार को युवक युवती के घर पहुंचा और साथ चलने की बात कही। उसने युवती के परिवार वालों को बताया कि दोनों ने निकाह कर लिया है और वह अपनी पत्नी को लेने आया है।
युवक की बात सुनकर युवती के परिवार वाले सन्न रह गए। युवती के परिवार वालों ने थाने में तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी युवक ने उनकी बेटी को रुपये का लालच देकर निकाह कर लिया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया।
इस दौरान युवती के परिवार वालों ने थाने में हंगामा कर दिया लेकिन युवती युवक के साथ जाने पर अड़ गई। युवती के तेवर देखकर युवती के परिवार वाले शांत हो गए।
----
दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है। धर्मांतरण का मामला नहीं है। लड़की बालिग है। उसकी मर्जी के आधार पर उसे लड़के के साथ भेज दिया गया है। लड़की के परिवार वालों ने पहले ऐतराज किया था लेकिन लड़की के जिद करने पर वे लोग भी चुप हो गए।
- विजय शंकर मिश्रा, सीओ सदर
----
युवती के युवक से चार साल पुराने प्रेम संबंध थे। दोनों ने आपसी रजामंदी से निकाह किया है। लड़की ने लिखकर दिया है कि वह युवक के साथ जाएगी, इसलिए उसे युवक के साथ भेज दिया। युवती के परिवार वालों ने भी बाद में अपनी आपत्ति वापस ले ली, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।
- अजीत सिंह, इंस्पेक्टर रोजा