थाना सदर बाजार के बाहर चौराहे के पास खड़े चार पहिया वाहनों को ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार की शाम अभियान चलाकर क्रेन से हटाया गया। इस दौरान कुछ वाहन स्वामियों से नोकझोंक भी हुई। थाने के आसपास खड़े मिले वाहनों का चालान कर जुर्माना वसूला गया।
शाम करीब पांच बजे टीएसआई मोहम्मद इश्तियाक क्रेन और फोर्स के साथ थाना सदर बाजार चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने थाने के बाहर खड़ी कारों को क्रेन से उठाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ वाहनों के मालिक आ गए। थाने के बाहर खड़ी एक कार क्रेन से उठाने की वजह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर कार के मालिक ने आपत्ति जाहिर की तो उनके वाहन का चालान कर जुर्माना वसूला गया। चेकिंग अभियान देखकर बाजार में खड़े वाहनों को लेकर लोग भाग खड़े हुए। इस वजह से चौराहा के पास जाम लग गया। थाना सदर बाजार से लेकर घंटाघर तक चेकिंग अभियान चलाया गया। रोड किनारे खड़े मिले वाहनों का चालान किया गया।