थाना कांट क्षेत्र के गांव अरुआ खानपुर में रहने वाले ब्रजपाल सिंह की 12 वर्षीय बेटी मनोज ने मंगलवार की शाम फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं थाना कलान क्षेत्र के गांव झकरेली निवासी रनवीर की पत्नी रीना देवी ने सोमवार शाम फांसी लगा ली। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
थाना कांट क्षेत्र के गांव अरुआ खानपुर निवासी ब्रजपाल की पत्नी यशोदा की कई साल पहले मौत हो चुकी है। मंगलवार की शाम ब्रजपाल खेत पर गए थे। इसी बीच उनकी छोटी बेटी मनोज ने मकान के अंदर पड़ी टिन में लगे पाइप में दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। घर में खेल रहे बच्चों ने देखा तो गांव वालों को बताया। सूचना मिलने पर ब्रजपाल भी घर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ब्रजपाल के मुताबिक, मनोज की घर में किसी से कोई कहासुनी भी नहीं हुई थी। पता नहीं किस कारण उसने फांसी लगा ली।
उधर, थाना कलान क्षेत्र के गांव झकरेली निवासी रनवीर की तीन साल पहले बदायूं के थाना कादरचौक के खिलौरिया गांव निवासी पन्नालाल की बेटी रीना देवी से शादी हुई थी। पन्नालाल के मुताबिक शादी के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था। रीना ने कभी भी ससुराल वालों से कोई शिकायत नहीं की थी। रीना के डेढ़ साल की एक बेटी नेहा है। मंगलवार शाम करीब सात बजे रीना ने कमरे के अंदर लगे कुंडे में साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिवार के लोगों ने रीना को फंदे से लटके देखा तो उसके मायके और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।