लगातार धरपकड़ के बाद भी कच्ची शराब बनाने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। पूरे तहसील क्षेत्र में धड़ल्ले से कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है। आबकारी इंस्पेक्टर आशीष सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को गांव भम्मापुर में छापेमारी की। कच्ची शराब बनाने के लिए बदनाम इस गांव में शराब बनाने की पांच भट्ठियां चलती पाई गईं। छापे के दौरान शराब बनाने वाले भाग निकलने में सफल रहे। टीम ने मौके पर मिले सैकड़ों लीटर लहन को नष्ट कर दिया और शराब बनाने के तमाम उपकरण जप्त कर लिए। उधर, एसआई प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने गांव मुड़िया वैश्य में दबिश देकर शराब बनाने की एक भट्टी पकड़ी। मौके से सौ लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई। शराब बना रहे गांव के ही शाहिद को पुलिस ने धर दबोचा। मौके पर मिले लहन को नष्ट कर दिया गया।