गढ़िया रंगीन-बुधवाना रोड पर शनिवार तड़के पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से प्रतिबंधित पशुओं से भरे दो ट्रक पकड़ लिए। हालांकि पशु तस्कार फरार हो गए। दोनों ट्रकों में 74 पशु बरामद हुए, जिनमें से छह मृत पाए गए। शुक्रवार रात करीब 12 बजे गांव चांदपुर निवासी ध्यानपाल बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव ककराला के पास उन्होंने देखा तो तस्कर चार ट्रकों में प्रतिबंधित पशु भरकर ले जा रहे थे। संदेह होने पर पशु तस्करों ने ध्यानपाल को रोक लिया और तमंचा दिखा जान से मारने की धमकी देते हुए बंधक बना लिया। ट्रकों का काफिला गुजरने के बाद ध्यानपाल ने मदनापुर थाने जाकर सूचना दी। मदनापुर थाने से तुंरत बरुआ चौकी को एलर्ट कर दिया। बरुआ चौकी पर एसआई वीरपाल सिंह ने सिपाही महेश और नरेश के पास ट्रकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन पशु तस्करों ने ट्रकों की रफ्तार तेज कर दी। पुलिस ने वाहनों का पीछा शुरू कर दिया और गांव चिचौरा के सुखपाल को ट्रक रोकने के लिए सड़क पर ट्राली लगाने को कहा। सुखपाल ने ग्रामीणों की मदद से सड़क पर ट्राली और हैरो लगा दी। तभी ट्रक चालक ने तेज रफ्तार से ट्राली में टक्कर मारी। टक्कर मारने से ट्रक असंतुलित हो गए। तभी पीछे वाले दो ट्रक तेज रफ्तार से निकाल ले गए। दो ट्रक रास्ते में फंस गए। पुलिस को आता देखकर पशु तस्कर फरार हो गए। एसओ परवेश सिंह ने बताया कि अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक पर लिखे नंबरों से ट्रक मालिक का पता लगाया जा रहा है।