दो साल के बालक को बरामद करने के बाद पुलिस ने दंपति समेत तीन लोगों के खिलाफ मानव तस्करी की रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार को एक आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। बाकी दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। बालक को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सुपुर्द करने की प्रकिया चल रही है।
थाना क्षेत्र के गांव कांकर निवासी एक ग्रामीण ने शनिवार को थाने में सूचना दी थी कि गांव का खुशीराम जाटव दो साल के बालक को कहीं से अपहरण कर लाया है। शक के आधार पर पुलिस ने खुशीराम को हिरासत में लेकर बच्चे को बरामद कर लिया। पूछताछ में खुशीराम ने बताया कि शादी के 30 साल बाद भी उसके कोई संतान नहीं हुई। इस पर उसने यह बच्चा रामशंकर तेली नाम के व्यक्ति से 40 हजार रुपये में खरीदा था। एसओ वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जांच के दौरान साफ हो गया है कि रामशंकर तेली महिलाओं और बच्चों की खरीद फरोख्त करता है। मामले में रामशंकर तेली समेत खुशीराम जाटव और उसकी पत्नी लौंगश्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच पुलिस की मानव तस्करी सेल भी कर रही है। रामशंकर तेली और लौंगश्री की गिरफ्तारी के पुलिस प्रयास कर रही है।