थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव ग्वारी में बुधवार रात रंजिशन कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर 25 वर्षीय छात्र सुखविंदर को घायल कर दिया। घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर देने पर पुलिस ने मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। गांव ग्वारी निवासी लालाराम एक पॉवर प्लांट में मजदूरी करते हैं। उनका बेटा सुखविंदर नोएडा के एक निजी कॉलेज में बीटेक का छात्र है। इन दिनों सुखविंदर छुट्टी पर घर पर आया हुआ है। 14 मार्च को उसका एक शादी समारोह के दौरान गांव के मुरली के बेटे नन्हे, पप्पू और विमल से झगड़ा हो गया था। तभी से वे तीनों सुखविंदर से रंजिश मानने लगे। इन दोनों पक्षों के घर भी आमने-सामने हैं। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे सुखविंदर अपने दरवाजे पर खड़ा था। तभी पड़ोसी तीनों भाई शराब पीकर आए और गालियां देने लगे। विरोध करने पर तीनों ने सुखविंदर की पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच सुखविंदर पर चाकू से दो बार किए, जिनमें एक बार चाकू उसकी बगल में लगा और दूसरा पीठ पर। सुखविंदर की चीख सुनकर बचाने पहुंची उसकी मां मुन्नी देवी पर भी हमलावरों ने चाकू चला दिया, जिसमें उनकी उंगली में चोट आई है। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर आरसी मिशन राजेश सिंह के मुताबिक किसी धारदार वस्तु से बार किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।