दो नामजदों समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
उधार में दिए गए एक लाख रूपये वापस मांगने की कीमत बर्तन कारोबारी पंकज वर्मा को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। थाने पर मृतक के पिता ने दो नामजदों समेत चार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव रमापुर दक्षिणी निवासी सुरेश चंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसके 30 वर्षीय पुत्र पंकज वर्मा की गांव जैतीपुर में बर्तनों की दुकान है। उसी के पड़ोस में गांव फीलनगर का खालिद भी फर्नीचर का कारोबार करता है। दोनों की दुकानें आसपास होने की वजह से दोनों में खूब पटरी खाने लगी। उसने बताया कि इसी का फायदा उठाकर खालिद ने करीब एक माह पूर्व उसके बेटे से एक माह के टाइम पर वापस कर देने का वादा कर एक लाख रुपये उधार लिया था। तयशुदा टाइम आने पर जब उससे रुपये वापस करने को कहा। खालिद ने अपने साथी गांव खैरपुर के शानू के साथ मिलकर उसके बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। इसी के तहत शानू ने उसके बेटे से नजदीकियां बढ़ा ली। बृहस्पतिवार को जब उसका पुत्र जैतीपुर से दुकान बंद कर बाइक से घर को चला तब शानू भी खैरपुर तक उसके साथ आया था। शानू को उसके बेटे की बाइक पर दुकान मालिक के बेटे अमित ने आते देख लिया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तब खोजबीन करने पर उसकी बाइक गांव को जाने वाले कच्चे रास्ते पर और उसकी लाश गेहूं के खेत में पड़ी पाई गई। उसने अपने बेटे की हत्या का शक खालिद, शानू व दो अन्य पर जताते हुए चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर शुक्रवार को फारेंसिक टीम के प्रभारी संजय सिंह ने अपने साथी संजीव यादव के साथ घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। वहीं डॉग स्क्वायड के नीति प्रकाश ने खोजी कुतिया लूसी को गेहूं के खेतों ले जाकर साक्ष्य जुटाए।
एसओ शाहिद अली ने बताया कि मृतक के पिता की ओर से शानू, खालिद और उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।