थाना सदर बाजार क्षेत्र में लाल इमली चौराहा के पास बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा से स्कूल से घर लौट रही शिक्षिका का पर्स लूट लिया। पीड़िता की तहरीर पर थाना सदर बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के मोहल्ला में रहने वाले हिमांशु साहू की पत्नी नीलू साहू सिंधौली क्षेत्र के गांव दाउदपुर के प्राथमिक स्कूल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह ई-रिक्शा से घर वापस आ रही थीं, तभी लाल इमली चौराहा के पास एक बाइक सवार तीन बदमाश आए और उनका पर्स छीन लिया। उनके शोर मचाने से पहले बदमाश ईदगाह रोड की तरफ फरार हो गए। नीलू के मुताबिक उनके बैग में एक मोबाइल, ढाई हजार रुपये, एटीएम कार्ड, स्कूल की चाबियां आदि सामान था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बाइक सवारों ने युवक का मोबाइल छीना
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में घंटाघर के पास बाइक सवार बदमाशों ने साइकिल सवार युवक का मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले धर्मेंद्र सक्सेना का बेटा दीपेंद्र उर्फ गोलू सक्सेना दो दिन पहले साइकिल से घर जा रहा था। घंटाघर के पास उसके मोबाइल पर कॉल आ गई। वह मोबाइल जेब से निकालकर बात करने लगा। इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। दीपेंद्र ने पीछे बैठे युवक को पहचान लिया। बृहस्पतिवार को दीपेंद्र की निशानदेही पर सदर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।