रविवार दोपहर सरैंया रोड पर गांव ककराला के सामने प्रतिबंधित पशुओं से भरे ट्रक का एक्सल टूट जाने के बाद ग्रामीण ने उसे घेर लिया। इसके बाद ट्रक में सवार लोग भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर पशुओं को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दे दिया। ट्रक में तीन दर्जन से अधिक जानवर थे। इनमें तीन पशु मृत मिले। लगातार पशुओं की हो रही तस्करी को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की है।
बता दें कि हमेशा कटरा-फर्रुखाबाद रोड से होकर बरेली की ओर जाने वाले पशु तस्करों ने अब इस रूट को छोड़कर सरैया रोड को चुना है। कस्बे की सीमा समाप्त होते ही सरैंया गांव की ओर मुड़ा यह रास्ता बुधुआना होते हुए गढ़िया रंगीन और बाद में सीधे फरीदपुर के पास जाकर निकलता है। इस रास्ते में कटरा साफ बच जाता है, लेकिन यह रोड खराब होने से आज उक्त ट्रक का एक्सल टूट गया।
गौर करने वाली बात यह है कि इस रूट से होकर लगातार हो रही पशु तस्करी के बाद भी यहां की पुलिस किसी पशु तस्कर को नहीं पकड़ सकी है, जबकि कई बार हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता और अभी जल्द ही मंडी समिति की टीम द्वारा प्रतिबंधित पशुओं से भरे ट्रक पकड़कर पुलिस के हवाले किए गए हैं, लेकिन पुलिस की गैरमौजूदगी में घेराबंदी न होनेे से तस्कर हर बार साफ बचकर निकल जाते हैं।
पशु चोरी करने वाले चार बदमाश पकड़े
खुटार। पुलिस ने पशु चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पकड़े गए बदमाशों में पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी मोहम्मद एहसान, चांद मियां, सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव भोपतपुर निवासी बुद्धसेन और गजरौला निवासी हीरालाल शामिल हैं। इनमें से दो को पहले ग्रामीणों ने ही पकड़ा था, जिसके बाद पुलिस ने दो अन्य गिरफ्तार किए।