गांव मलिका निवासी राजाराम तिवारी ने कुछ दिन पूर्व गेहूं बेचा था। उसका भुगतान उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में पहुंचा था। सोमवार को एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने गए। वहां पहले ही मौजूद एक युवक ने मशीन में अपना एटीएम कार्ड लगाया और रुपये नहीं निकलने की बात कहते हुए राजाराम का एटीएम कार्ड लेकर मशीन में लगा दिया।
इसके बाद उसने मशीन खराब होने की बात कहते हुए राजाराम को कार्ड वापस कर दिया। बुधवार को वह फिर से रुपये निकालने पहुंचे तो पता चला कि सोमवार को एटीएम के माध्यम से उनके खाते से 65 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं। बड़ी रकम निकाले जाने की जानकारी से राजाराम के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह बैंक प्रबंधक से मिले और पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद राजाराम ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।