मां और मामा के साथ छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर। छेड़छाड़ की घटना के बाद तनाव में आकर छात्रा की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की ओर से देर रात आरोपी युवक और उसकी मां व मामा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और आनन-फानन में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। वहीं रात में ही एसपी केबी सिंह ने भी गांव पहुंचकर मामले की जानकारी की।
एसपी के आदेश पर छात्रा के पिता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी बेटी पांच दिन पहले तिलहर के जीजीआईसी से छुट्टी होने के बाद तीन बजे घर लौट रही थी, तभी रास्ते में गांव के ही युवक ने बेटी के साथ छेड़खानी करते हुए उसकी साइकिल को गिरा दिया। यूपी 100 ने आरोपी युवक को बेटी की शिकायत पर पकड़ा भी लेकिन बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। इसी दिन युवक की मां और मामा ने छेड़खानी की बात को लेकर घर आकर धमकाया। इस घटना के बाद बेटी सहम गई और उसने कॉलेज जाना बंद कर दिया। बेटी छेड़छाड़ के आरोपी युवक की हरकत वजह से तनाव में आ गई और उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रात में ही एसपी केबी सिंह ने गांव पहुंचकर पीड़ित पक्ष से मामले की जानकारी की।
000000000
पहले घटना को छिपाया, अब खंगाल रही तथ्य
छोटी-छोटी घटनाओं पर पुलिस की लापरवाही के मामले पहले भी उजागर होते रहे हैं, यही हाल छात्रा की खुदकुशी के मामले में भी हुआ। पहले तो पुलिस पूरे घटनाक्रम को छिपाए बैठी रही। थाना स्तर पर अधिकारियों को घटना से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी, यहां तक कि मीडिया को भी गुमराह किया जाता रहा, अब पुलिस तथ्यों को खंगालकर मामला प्रेम-प्रसंग का बता रही है।
00000000000
खून से लिखे पत्र बरामद होने का दावा
मामला मीडिया में सुर्खियों में आने के बाद शासन ने जब इस संबंध में जानकारी ली तो पुलिस की कार्रवाई में पल-पल में तेजी दिखाई देने लगी। छात्रा और आरोपी युवक के घर खंगाले गए। यहां से पुलिस ने खून से लिखे प्रेम पत्र बरामद होने का दावा किया है।
000000000
यूपी 100 पुलिस कर्मियों ने रोका था युवक को
पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच काफी समय से संबंध थे और घटना वाले दिन गांव की मोड़ के पास दोनों को बातें करते हुए यूपी 100 ने देखा। जब लड़की घर को जाने लगी तो लड़के को यूपी 100 के पुलिस कर्मियों ने सवाल-जवाब भी किए और हिदायत देकर युवक को जाने दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक छात्रा के स्कूल के पास के स्कूल में पढ़ता है और छात्रा आरोपी से दो साल बड़ी थी। घटना वाले दिन जानकारी मिलने पर आरोपी की मां और मामा लड़की के घर वालों को समझाने गए था कि वह बेटे के खिलाफ कुछ न करें।