गांव नवाबपुर गंगा निवासी अंकुल की हत्या के मामले में नामजद दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव नबावपुर निवासी 32 वर्षीय अंकुल मंगलवार को गांव के कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद अंकुल वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव ऊंचा गांव के पास शारदा नहर में एक शव पड़ा हुआ है। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर अंकुल के परिवार के लोगों को बुलाया तो उन्होंने शव की पहचान की। अंकुल का शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम में अंकुल की मौत डूबने से होना पाई गई थी। हालांकि उसके घुटनों आदि पर हल्की चोटों के निशान भी पाए गए थे। मृतक की पत्नी रूबी की तहरीर पर गांव के ही ओमकार, सूरज, माजिद, होशियार सिंह के खिलाफ अंकुल को शराब पिलाकर पीट पीटकर हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को होशियार सिंह और ओमकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि शेष नामजदों की तलाश की जा रही है।