शहर के एकमात्र अंबा सिनेप्लेक्स में मंगलवार को एक बार फिर दर्शकों ने हंगामा किया। मामला बढ़ता देखकर किसी ने इसकी सूचना कोतवाली इंस्पेक्टर को सूचना दे दी। इस पर उन्होंने मौके पर चीता मोबाइल और थाने से पुलिस फोर्स को मौके पर भेज दिया। हालांकि इससे पहले ही फिल्म का संचालन शुरू हो गया, जिससे दर्शक शांत होकर फिल्म देखने लगे।
मंगलवार को अंबा सिनेप्लेक्स में फिल्म बजरंगी भाईजान का दिन का पहला शो शुरू हुआ था। इसके आधा घंटे बाद दोपहर करीब एक बजे फिल्म का संचालन बंद हो गया और एसी पंखा चलना भी बंद हो गया। इस पर दर्शकों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में लोग हॉल से निकलकर बाहर आ गए और टिकट वापसी को लेकर हंगामा करने लगे।
हंगामा होते देखकर सिनेप्लेक्स के मैनेजर आरएन श्रीवास्तव ने इसका कारण पता किया तो जानकारी में आया कि एअर आने की वजह से ही जेनरेटर बंद हो गया। इस पर आनन-फानन में जेनरेटर से एअर निकाली गई। इसमें करीब 10 मिनट का समय लग गया। जेनरेटर सही होने पर दर्शक शांत होकर फिल्म का मजा लेने लगे। इधर हंगामे की सूचना किसी ने कोतवाली इंस्पेक्टर केके तिवारी को दे दी। इंस्पेक्टर ने चीता मोबाइल और पुलिस को मौके पर भेजा तो उन्हें वहां पर मामला शांत मिला। इसके बाद भी एक सिपाही काफी देर तक वहीं गेट पर ड्यूटी करता रहा।