थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला महमंद हद्दफ में शुक्रवार की रात जलसे में जा रहे मौलाना से दूसरे समुदाय के दो युवकों ने शराब के नशे में गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर उनकी पिटाई कर दी। हद्दफ चौकी के पास हो रहे जलसे में पहुंचकर मौलाना ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी तो बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। वहां उन्होंने बवाल शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला। मौलाना की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ककरा खुर्द में रहने वाले मौलाना आरिफ शाम करीब साढ़े आठ बजे हद्दफ चौकी के पास जलसे में शिरकत करने जा रहे थे। आरोप है कि महमंद हद्दफ में कुम्हारों वाली गली के पास गुड्डू और सर्वेश शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। मौलाना आरिफ के मुताबिक, वह उधर से गुजरे तो दोनों ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनकी पिटाई कर दी और उनका मोबाइल निकाल लिया। किसी तरह वहां से निकलकर वह जलसे में पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसपर जलसे में मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। घटनास्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर इंस्पेक्टर जेपी तिवारी फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने मौलाना पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया।
इसी बीच एएसपी सिटी राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट एपी श्रीवास्तव, सीओ सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। तनावपूर्ण स्थिति देखकर मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मौलाना आरिफ की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 504, 506 और 379 तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।