पुवायां। अवैध खनन के मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कोई कार्रवाई तो नहीं की गई, लेकिन मिट्टी का खनन फिर शुरू हो गया है। पुलिस की मिलीभगत के कारण प्रशासन से बेखौफ माफिया तीन दिन तक खनन नहीं करने के बाद फिर सक्रिय हो गए हैं।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने शाहजहांपुर के डीएम को अवैध खनन के मामले में कड़ाई से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। डीएम ने एसडीएम, सीओ और एसडीएम ने थाना प्रभारियों को खनन पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए नोटिस जारी किया था, जिस पर कुछ दिन खनन पर अंकुश रहा लेकिन बाद में खुटार में माफिया और पुलिस की सांठगांठ से धड़ल्ले से खनन शुरू हो गया जो अभी भी जारी है।
खुटार में गांव टाह खुर्द कलां के पास से सरकारी और पट्टे की भूमि पर टीलों से पूरे दिन खुलेआम मिट्टी खनन कर ट्रॉलियां रामपुर कलां गांव से खुटार के बीच दौड़ती देखी जा सकती हैं। अमर उजाला ने इस संबंध में खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद एसडीएम, सीओ ने मौका मुआयना किया था और जमीन की पैमाइश कर खनन की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश लेखपाल को दिए थे, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट एसडीएम को नहीं मिल सकी है। उधर खनन माफिया ने कार्रवाई के डर से खनन बंद कर दिया था, लेकिन कार्रवाई न होने पर खनन फिर से शुरू कर दिया गया है।
जांच में खुल सकता है अवैध खनन का मामला
पुवायां। सरकार ने किसानों को अपने कार्य के लिए मिट्टी निकालने की छूट दी है, लेकिन गांव टाह के पास जहां खनन हो रहा है उन किसानों से जानकारी ली जाए कि उन्होंने मिट्टी को अपने कार्य के लिए कहां प्रयोग किया है,अतब अवैध खनन का मामला खुलते देर नहीं लगेगी।
कई गांवों में हो रहा अवैध खनन
चांदपुर/खुटार। एक तरफ प्रशासन अवैध खनन पर रोक लगाने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जमकर अवैध खनन हो रहा है। गांव हीरपुर, प्रसादपुर, धनसिंहपुर, लड़ती, बेला, जादमपुर, भरकलीगंज, लौहंगापुर, भीखमपुर, हंसपुर आदि में मिट्टी खनन पूरे जोरों पर है। अवैध खनन की सूचना पुलिस को देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है, जिससे उपजाऊ खेत तालाब में तब्दील हो रहे हैं। इस संबंध में खुटार के थाना प्रभारी राहुल सिंह का कहना है कि मिट्टी खनन की रोकथाम पुलिस नहीं कर सकती है।
मिट्टी खनन के मामले में लेखपाल ने रिपोर्ट दी है, लेकिन रिपोर्ट एक कर्मचारी के पास है। कर्मचारी के अवकाश से वापस आने पर रिपोर्ट के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। जेसीबी से खनन की परमशीन ली गई होगी। रेत खनन के मामले में मौका मुआयना किया जाएगा।
सत्यप्रिय सिंह, एसडीएम पुवायां