शाहजहांपुर। जीआरपी ने बुधवार को रेलवे स्टेशन पर मालगोदाम के पास से ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले शातिर चोर को दबोच लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस के साथ चोरी का एक मोबाइल भी मिला है। अन्य थानों से उसका आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है।
जीआरपी सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, रोजा चौकी प्रभारी बलजीत यादव, कांस्टेबल संतोष, शहनवाज खान रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इनकी नजर मालगोदाम साइड में एक संदिग्ध पर गई। चेकिंग टीम ने शक होने पर इसे हिरासत में ले लिया। संदिग्ध ने अपना नाम विनय विनय कुमार उर्फ झड़िया पुत्र बाबूराम निवासी मोहल्ला बिजलीपुरा शाहजहांपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। चोरी का एक मोबाइल भी मिला। पूछताछ में उसने ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। इंस्पेक्टर अरविंद पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसके खिलाफ विभिन्न 10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।