मंगलवार को पुवायां के स्टेट बैंक में जेबकतरों ने थैला काटकर रकम गायब करने में महज 25 सेकेंड का समय लिया। यह बात सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में सामने आई। जेबकतरे बैंक में 12 बजे से ही मौजूद थे और 56 मिनट तक शिकार की तलाश में लगे रहे, लेकिन बैंक के गार्ड और अन्य कर्मचारियों की निगाह उन पर नहीं पड़ सकी।
गौरतलब है कि गांव मदारपुर बैवहा निवासी सुरेश सिंह मंगलवार को पुवायां की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अपने खाते में 73 हजार रुपए जमा करने गए थे। इस दौरान दो जेबकतरों ने उनके पास थैले को काटकर 73 हजार छह सौ रुपए की रकम गायब कर दी और भाग निकले। रकम गायब देख सुरेश ने शोर मचाया लेकिन तब तक जेबकतरे लोगों की पकड़ से दूर जा चुके थे। सुरेश सिंह ने मंगलवार दोपहर ही पुवायां कोतवाली जाकर तहरीर दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन जेबकतरे हत्थे नहीं चढ़ सके। बैंक की सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रुपए जमा करने के लिए लाइन में खड़े सुरेश सिंह के पास दोनों जेबकतरे 12 बजकर 56 मिनट और 55 सेकेंड पर पहुंचकर घेरकर खडे़ हो जाते हैं और ठीक 12 बजकर 57 मिनट 20 सेकेंड पर थैला काटकर रुपए लेकर बैंक से निकल जाते हैं। बैंक गेट से बाहर होते ही दोनों दौड़ना शुरू कर देते हैं और आंखो से ओझल हो जाते हैं।
सीसीटीवी : इस तरह दिया गया घटना को अंजाम
12.00 बजे : पीली शर्ट वाला जेबकतरा बैंक में पहुंचकर एक सीट पर बैठ जाता है।
12.02 बजे : जेबकतरे का लाल शर्ट वाला साथी बैंक पहुंचता है और पास की दूसरी सीट पर बैठ जाता है।
12.06 बजे : पीली शर्ट वाला उठकर काउंटर के पास जाता है।
12.07 बजे : पीली शर्ट वाला बाहर चला जाता है।
12.10 बजे : लाल शर्ट वाला भी बैंक से बाहर जाता हे। दोनों शिकार की तलाश में जुटे हैं।
12.14 बजे : लाल शर्ट वाला फिर से बैंक आता है।
12.15 बजे : बैंक का गार्ड आता है तो लाल शर्ट वाला मौके से खिसक लेता है।
12.16 बजे : गार्ड के जाते ही लाल शर्ट वाला फिर से बैंक में आ जाता है।
12.45 : दोनों जेबकतरे बैंक में ही घूमते रहते हैं।
12.50 : सुरेश सिंह बैंक में प्रवेश करते हैं। बगल में थैला लटका देख जेबकतरे एक दूसरे को इशारा कर उनके साथ घूमने लगते हैं।
12.56 : सुरेश सिंह विड्राल लेने के लिए लाइन में लगते हैं। जेबकतरे भी उनके पीछे खड़े हो गए। एक जेबकतरा थैले को काट देता है।
12.57 : जेबकतरे रुपए लेकर भाग निकलते हैं। सुरेश थैले को हल्का देख शोर मचाते हैं, तब लोगों को घटना का पता चलता है।
एएसपी ने लगाई पुवायां पुलिस को कड़ी फटकार
पुवायां। मंगलवार दिन में एक बजे एसबीआई की शाखा में सुरेश सिंह के थैले को काटकर 73 हजार से अधिक की रकम निकाले जाने की पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक से सीसीटीवी फुटेज मांगा। बैंक ने विभिन्न कैमरों का दोपहर 12 बजे से एक बजे तक का फुटेज पुलिस को मुहैया करा दिया, लेकिन बुधवार शाम तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बुधवार शाम एएसपी रमेश कुमार भारतीय को रिपोर्ट दर्ज नहीं होने की जानकारी हुई तो उन्होंने पुवायां पुलिस को कड़ी फटकार लगाते हुए घटना के सही होने और सीसीटीवी फुटेज होने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का कारण पूछा तो आनन फानन में अज्ञात जेबकतरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर ली गई। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार विश्नोई ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
बैंक से खाताधारक के 73 हजार रुपए निकाले जाने और सीसटीवी फुटेज में घटना सही साबित होने के बाद पुवायां पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने को कहा गया है।
- रमेश कुमार भारतीय, एसपी देहात, शाहजहांपुर।