मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के शाहबुद्दीनपुर में देर रात मढे़ के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में डांस देख रही महिला गोली लगने से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। पुलिस ने अपनी ओर से घायल महिला के पति और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी पति को जेल भेज दिया गया हैं।
शाहबुद्दीनपुर में पप्पन उर्फ जमशेद पुत्र बहादुर के घर में उसके भाई दिलशाद की शादी है। बुधवार को उसकी बारात मोरना जानी थी। मंगलवार रात को घर में मढे़ का कार्यक्रम चल रहा था। डीजे बज रहा था जिस पर महिला और पुरुष डांस कर रहे थे। इसी बीच वहीं पप्पन की पत्नी रेशमा अपने देवर की शादी में डांस कर रहे लोगों को देख रही थी।
इसी बीच वहां हुई फायरिंग में एक गोली रेशमा के पैर में आकर लग गई। महिला को गोली लगते ही समारोह में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। किसी ने पुलिस को सूचना कर दी। पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की जांच की, लेकिन परिजनों ने मामले में कार्रवाई से इंकार कर दिया।
बाद में शहर कोतवाली में पुलिस ने अपनी ओर से घायल महिला के पति पप्पन और उसके दोस्त आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आलम तो पुलिस की पकड़ में नहीं आया, लेकिन पुलिस ने पप्पन को जेल भेज दिया है।