पुवायां (शाहजहांपुर)। रविवार दोपहर गांव करनापुर स्थित किसान सहकारी चीनी मिल के मुख्य मशीनरी हॉल के ऊपर पड़ी टिन के पास आग लग जाने से हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने मौके से भागकर जान बचाई। बाद में फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन बड़ा हादसा होने से टल गया।
चीनी मिल के मुख्य मशीनरी हॉल में बॉयलर हाउस भी है और स्टीम लाइन आदि भी यहीं से गुजरती है। राब से चीनी बनाने वाली तमाम मशीने भी यहीं लगी हैं। मशीनरी हॉल में काफी ऊंचाई पर टीन शेड पड़ी हुई है। उसे रोकने के लिए लगे एंगिल और लोहे के भारी गाडरों के ऊपर काफी समय से बैगास जमा हो रही थी। भीषण गर्मी शुरू हुई तो बैगास सूख गई और रविवार दोपहर इसमें आग लग गई। आग लगने के कुछ दूर बाद हॉल में धुंआ भरा तो कर्मचारियों को आग लगने का पता चल सका। इसके बाद मशीनरी हॉल में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने मौके से भाग कर जान बचाई।
मामले की जानकारी मिल के प्रधान प्रबंधक कमल रस्तोगी को हुई तो उन्होंने सूचना फायर बिग्रेड को दी। मिल में आग से विभाग में भी खलबली मच गई। पुवायां से एक और शाहजहांपुर से एक वाहन मौके पर पहुंचा और अग्निशमन दल के कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सबसे ज्यादा समस्या टीन के ऊपर पड़ी बैगास में लगी आग बुझाने में हुई। टिन के ऊपर पहुंचने का कोई साधन नहीं होने के कारण टिन के टूटे हिस्सों से पानी की धार ऊपर फेंकी गई। तब जाकर आग बुझ सकी। आग के कारण मिल को पांच घंटे तक बंद रखना पड़ा। आग से मशीनरी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
बैगास से आग लग गई थी। आग कैसे लगी यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। अनुमान है कि बिजली लाइन में कहीं आए फाल्ट के कारण आग लग गई हो। आग के कारण मिल को जरूर बंद करना पड़ा। आग लगने से मिल में कोई नुकसान नहीं हुआ है।
कमल रस्तोगी, जीएम, किसान सहकारी चीनी मिल करनापुर, पुवायां