सिपाही पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप, निलंबित
कांट (शाहजहांपुर)। डेढ़ माह से लाइन हाजिर चल रहे सिपाही पर कस्बे के एक युवक ने दुष्कर्म कोशिश, नकदी व सोने की चेन और मोबाइल लूटने का आरोप लगाया है। आरोपी सिपाही व एक अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं सिपाही को एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने निलंबित कर दिया है।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी युवक ने बताया कि 12 दिसंबर की रात नौ बजे वह दवा लेने मदनापुर रोड पर जा रहा था, तभी उसे थाने के सिपाही वीरपाल सिंह यादव ने अपने एक साथी के साथ पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर उसके पास से 86 सौ रुपये, दो मोबाइल, सोने की चेन छीन ली। फिर सिपाही उसे अपने कमरे पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। मारपीट के दौरान उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ सदर बल्देव सिंह खनेड़ा ने शुक्रवार को कांट पहुंचकर मामले की जांच की। बता दें कि सिपाही काफी समय से लाइन हाजिर चल रहा था। घटना के बाद से फरार है। सीओ सदर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो