25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
पशुक्रूरता अधिनियम के दर्ज मामलों में तीन साल से था फरार
हरदोई मोड़ पर बृहस्पतिवार रात चेकिंग के दौरान लगा पुलिस के हाथ
फोटो-21,
अमर उजाला ब्यूरो
शहजहांपुर। रामचंद्र मिशन पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार रात हरदोई मोड़ पर 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में पशुक्रूरता अधिनियम के तहत तीन मामले हैं। इन मामलों में गिरफ्तारी नहीं हो पाने के कारण उस पर इनाम घोषित किया गया था।
इंस्पेक्टर प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एसपी डॉ. एस चन्नप्पा के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराधों पर अंकुश लगाए जाने के लिए गश्त पर थी। सूचना मिली कि हरदोई मोड़ पर जिला रामपुर के थाना शाहजादनगर के गांव जुठिया निवासी 25 हजार रुपये का इनामी इंतजार हुसैन मौजूद है। पुलिस ने सूचना के आधार पर उसे हरदोई मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पुलिस को एक 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस मिले हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि इंतजार के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम में तीन मामले दर्ज हैं। पशु कू्ररता अधिनियम के मामले में तीन साल से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी नहीं हो पाने के कारण एसपी ने इंतजार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी होने के दौरान तमंचा बरामद होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का भी मामला दर्ज कर उसका चालान कर दिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।