पिता को दवा दिलाकर लौट रहे युवक की दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने लूटपाट के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव ढाई और पृथ्वीपुर के बीच हुई। पुलिस मौके से भागे बदमाशों की तलाश कर रही है।
बदमाशों की गोली का शिकार मेरापुर (फर्रुखाबाद) के गांव ऊनपुरा का रहने वाला 22 वर्षीय कुलदीप हुआ। परिवार के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी करने वाला कुलदीप इन दिनों गांव आया हुआ था। श्वास संबंधी बीमारी से परेशान पिता रामनरेश को दवा दिलाने के लिए वह बुधवार को मिर्जापुर आया था। बाइक से लौटते शाम करीब 6:30 बजे ढाई और पृथ्वीपुर गांव के बीच दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर पिता-पुत्र को रोक लिया। फिर असलहा दिखाकर कुलदीप से सोने की दो अंगूठी और एक चेन लूट ली। विरोध करने पर गोली चला दी, जो कुलदीप की गर्दन में लगी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश बाइक से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर एसओ मिर्जापुर चंद्र प्रकाश त्रिवेदी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव जरीनपुर सीएचसी भेज दिया। आसपास के इलाके में पुलिस ने बदमाशों की तलाश भी की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। कुलदीप की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी।