शाहजहांपुर। मां की डांट से नाराज 12 साल का बालक परिवार वालों को बिना बताए तिलहर स्थित घर से भाग गया। ट्रेन में सवार होकर से वह शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गया। यहां चेकिंग के दौरान लावारिस हालत में जीआरपी ने बालक को बरामद कर लिया। उससे पूछताछ के बाद परिवार वालों को खबर दी। परिवार वालों के यहां पहुंचने पर बालक को उनके सुपुर्द कर दिया।
तिलहर कस्बे की जलालुद्दीन वाली गली में रहने वाले अवधेश का 12 वर्षीय बेटा ऋषभ कक्षा पांच का छात्र है। सोमवार को किसी बात को लेकर ऋषभ को उसकी मां बबिता ने डांट दिया। इससे ऋषभ नाराज हो गया। उसने घर पर बहाना किया कि उसकी उंगली में चोट लग गई है। वह ड्रेसिंग कराने जा रहा है। इसके बाद घर नहीं लौटा। उसके लापता होने पर परिवार वाले परेशान हो गए। ऋषभ को नाते-रिश्तेदारों में तलाश करने लगे। इधर, ऋषभ ट्रेन से शाहजहांपुर स्टेशन पहुंच गया। यहां रात्रि अधिकारी एसआई बलजीत यादव, कांस्टेबल धर्मवीर, अजय कुमार, कौशल कुमार कुंभ के मद्देनजर सोमवार रात स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इनकी नजर प्लेटफार्म नंबर दो-तीन के पास बालक पर पड़ी। उससे पूछताछ की तो पूरी बात खुली। रात में ही ऋषभ के परिवार वालों को सूचना दी गई। मां बबिता अपने रिश्तेदारी सूर्य प्रताप, अतुल आदि के साथ जीआरपी थाने पहुंचीं। लिखा-पढ़ी करने के बाद बालक को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया।