तिलहर (शाहजहांपुर)। एक विधवा महिला से प्रेम संबंधों का लाभ उठाते हुए दुष्कर्म की कोशिश की तो विरोध करने पर उस पर तेजाब से हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
तिलहर के एक गांव की रहने वाली 42 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। महिला के प्रेम संबंध गांव डभौरा के नशीमुल्ला पुत्र नियामतुल्ला से थे। नशीमुल्ला इन दिनों लखनऊ हाईवे के किनारे स्थित एक बाग की रखवाली का काम कर रहा है। महिला का कहना है कि नशीमुल्ला के बुलाने पर वह 16 मई की रात करीब दो बजे बाग में उसके पास पहुंची। वहां नशीमुल्ला ने उससे शारीरिक संबंध बनाए। कुछ देर बाद वह यहां से जाने लगी। आरोप है कि नशीमुल्ला ने उसे रोक लिया। उसकी मर्जी के बिना दोबारा शारीरिक संबंध बनाने का उसने विरोध किया। तब नशीमुल्ला ने उस पर तेजाब से हमला कर दिया। इससे उसकी कमर के नीचे का कुछ हिस्सा झुलस गया। इंस्पेक्टर संजय राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के बीच कई साल से प्रेम संबंध थे।