शाहजहांपुर। कोतवाली चौक क्षेत्र के मोहल्ला बाला तिराही स्थित मोटर गैराज वर्कशाप में रविवार देर रात जमकर बवाल हो गया। यहां लेन देन के विवाद में दबंगों ने गाड़ियों के शीशे तोड़ने के बाद फायरिंग कर दी। इससे वहां हड़कंप मच गया सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक हमलावर फरार हो चुके थे घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला अहमदपुर रेती निवासी अनीस अहमद खां का कोतवाली चौक इलाके के मोहल्ला बाला तिराही में मोटर गैराज वर्कशाप है। 12 मई को रात्रि करीब नौ बजे कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। गैराज के कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर वहां खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। और कई राउंड फायर किए। सूचना पर राजघाट चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। इंस्पेक्टर कोतवाली चौक राजीव शर्मा ने भी घटना स्थल का मौका मुआयना कर पूछताछ की। मामले में पुलिस ने अनीश अहमद की ओर थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला कटिया टोला निवासी मोनू ठाकुर उर्फ दीपक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो