खुटार (शाहजहांपुर)। ईद के दिन एक मार्ग दुर्घटना में यहां के एक युवक की पीलीभीत में मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। ईंद पर हुई दुर्घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
खुटार के गांव रुजहा खुर्द निवासी 22 वर्षीय इमरान अपने भाई गुफरान केे साथ पीलीभीत के गांव सेहरामऊ उत्तरी गया था। वहां से दोनों रिश्तेदारी में ईद मिलने गांव गोरा रायपुर जा रहे थे। गांव महुआ गुंदे मोड़ पर उनकी बाइक में एक अन्य बाइक ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस और घायलों के परिवार वालों को दी। इलाज के लिए पूरनपुर ले जाते समय इमरान की मौत हो गई। गुफरान को पूरनपुर से पीलीभीत रेफर कर दिया गया है। जवान युवक की मौत से परिवार की ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार के सभी लोग पीलीभीत रवाना हो गए हैं।