मीरानपुर कटरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह उर्फ प्रिंस को दस लाख रुपये की रंगदारी का व्हाट्ऐप पर मेसेज मिलने के बाद अब ददरौल विधान सभा क्षेत्र से भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह को भी इसी तरह का मेसेज सात बार मिला है। विधायक मानवेंद्र सिंह की तहरीर पर सदर बाजार कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं एसपी ने नंबर ट्रेस करने के लिए सर्विलांस टीम को लगाया है। इस तरह का मेसेज मिलने के बाद दोनों भाजपा विधायक और उनके परिवार के लोग दहशत में हैं।
विधायक मानवेंद्र सिंह से रंगदारी मांगे जाने की जानकारी मिलते ही सदर बाजार कोतवाली इंस्पेक्टर डीसी शर्मा बुधवार सुबह कैंट स्थित विधायक के आवास पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। यहीं पर विधायक ने इंस्पेक्टर को मामले की तहरीर दी। विधायक ने बताया कि उन्हें व्हाट्सऐप पर 21 मई को रात 2:03 से 4:16 बजे तक लगातार सात मेसेज प्राप्त हुए। इसके बाद 22 मई को शाम 5:43 बजे भी इसी तरह से मेसेज भेजकर अली बुदेश भाई नाम बताते हुए तीन दिन के भीतर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। मेसेज में यह भी कहा गया है कि देसाई ने भी मेरी बात को गंभीरता से नहीं लिया और नतीजन वह मारा गया और उसके परिवार ने मुझे दो बार भुगतान किया।
विधायक मानवेंद्र के व्हाट्ऐप नंबर पर दस लाख की रंगदारी मांगे जाने के मेसेज की रिपोर्ट सदर थाने में दर्ज की गई है। नंबर ट्रेस करने के लिए सर्विलांस टीम लगी है।
डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी