जलालाबाद (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव नब्बू नगला में रविवार को घर वालों से कहासुनी होने के बाद विवाहिता ने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। जानकारी मिलने पर विवाहिता के मायके वाले भी यहां पहुंच गए लेकिन वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पुलिस ने सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नब्बू नगला ग्राम पुरैना का मझरा है। यहां के बबलू की पत्नी 30 वर्षीय नीरज का रविवार सुबह किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया। बताते हैं कि दोपहर के समय घर के लोग खेत पर थे, इसी दौरान नीरज घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के कुंडे पर लटक गई। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे नीचे उतार लिया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव दारापुर चढ़िया निवासी गंगाराम के बेटे अमित ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने अपनी बहन नीरज की शादी करीब आठ साल पहले बबलू के साथ की थी। रविवार को किसी बात पर नाराज होकर नीरज ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। उसे नीरज के ससुरालियों से कोई शिकायत नही है न ही वह लोग कोई कार्रवाई चाहते हैं। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।