जलालाबाद (शाहजहांपुर)। कोतवाली क्षेत्र के सुजावलपुर गांव में करीब एक हफ्ते पहले मिले अनीस के शव के मामले में पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नही की है। रविवार को नाराज मृतक के परिजन मोहल्लेे के तमाम लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस की शिथिलता पर रोष जताया। थाना पुलिस ने विसरा रिपोर्ट आ जाने के बाद ही कार्यवाही का आश्वासन देकर सभी को लौटा दिया।
मोहल्ला गौसनगर के नसीम ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को उसका भाई 23 वर्षीय अनीस अचानक गायब हो गया था। 24 अगस्त को उसका क्षत विक्षत शव गांव सुजावलपुर स्थित एक खेत में मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिवारवालों ने 26 अगस्त को पुलिस को नामजद तहरीर देकर कहा था कि बारह पत्थर स्थित एक मिठाई की दुकान पर चोरी होने के बाद दुकान मालिक को शक अनीस पर ने चोरी करने का शक था। इसके चलते वह अनीस को तलाश कर रहा था। उसी ने अपने भाई भतीजों के की मदद से अनीस की हत्या कर दी। इस मामले में अब तक कोई कार्यवाही न होने पर रविवार को मृतक की मां, भाई समेत कई महिलाएं कोतवाली पहुंची और रिपोर्ट दर्ज न कराने पर नाराजगी जताई। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के बाद विसरा जांच को भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। कहा, मृतक के परिजनों ने जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है उसकी जांच की जा रही है।