रोजा (शाहजहांपुर)। जुआं खेलने के लिए रुपये देने से पत्नी के मना कर देने पर युवक ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। जलते पति को बचाने के दौरान युवती भी गंभीर रुप से झुलस गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। इस मामले में महिला के भाई ने अपने बहनोई समेत सहित चार लोगों पर दहेज के लिए हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रोजा थाना क्षेत्र के जमुका निवासी अवनीश ने बुधवार की रात पत्नी राम सहेली से रुपये मांगे। उसने यह कहते हुए रुपये देने से मना कर दिया कि तुम फिर जुआं खेल डालोगे। इसी बात से नाराज अवनीश ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। अवनीश को जलता हुआ देख उसकी पत्नी आग बुझाने के लिए अवनीश से चिपट गई, जिससे उसके भी आग लग गई। इस घटना में अवनीश और राम सहेली दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, राम सहेली के भाई सुनील कुमार ने शुक्रवार को थाना पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसने बहन राम सहेली की शादी तीन साल पहले की थी। दहेज में एक प्लाट और बाइक की मांग को लेकर उसकी बहन को पति अवनीश, देवर राजीव, सास राजरानी और ननद फूलमती ने आग लगाकर जिंदा जलाने का प्रयास किया है। तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रोजा थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने कहा कि घटना के संबंध मे हुई प्राथमिक जांच में पाया गया है कि अवनीश जुए का आदी है। रुपये मांगने पर युव क का पत्नी से विवाद हुआ था। इस पर अवनीश ने आग लगा ली थी। बचाने के प्रयास में उसकी पत्नी भी जली है। अब भाई द्वारा दहेज की तहरीर दी गई है जिस पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। झुलसी राम सहेली अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान के आधार पर सुंसंगत धाराओं में कार्यवाही की जायेगी।