शाहजहांपुर। अजीजगंज डैम के पास 20 अक्तूबर को पुलिस से हुई मुठभेड़ के दौरान दरोगा अवनीश यादव को गोली मारकर घायल करने वाले शातिर अपराधी को चौक कोतवाली पुलिस ने बुधवार को खोया मंडी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे चाकू बरामद किया है।
इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि दरोगा को गोली मारकर घायल करने वाला शातिर अपराधी घूरनतलैया निवासी कल्लन खोया मंडी था। खबर मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उससे एक चाकू बरामद हुआ। बता दें कि 20 अक्तूबर की रात अजीजगंज डैम के पास हुई मुठभेड़ के दौरान चकमा देकर भाग गया था। जबकि पुलिस की गोली से घायल हुए थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव शहबाजनगर निवासी उसके साथी इरशाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस मुठभेड़ में कल्लन की गोली से राजघाट चौकी इंचार्ज अवनीश यादव भी घायल हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। पुलिस ने बताया कि कल्लन पर सात विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं।