पुवायां (शाहजहांपुर)। तहसील क्षेत्र में दो महिलाओं ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इनमें एक ने पति से विवाद होने पर फांसी लगाई जबकि दूसरी मानसिक परेशानी में फांसी पर लटक गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
गांव भटपुरा चंदू निवासी नीलेश की पत्नी 35 वर्षीय रामसुती ने बृहस्पतिवार दोपहर कमरे के कुंडे में फांसी लगाकर जान दे दी। कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी ने बताया कि रामसुती का पति शराबी है। इसको लेकर परिवार में अक्सर कलह होती रहती थी। बृहस्पतिवार को भी नीलेश का पत्नी से विवाद हो गया। नीलेश के घर से बाहर जाते ही रामसुती ने फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। सूचना पर मृतका के मायके के लोग भी भटपुरा चंदू पहुंचे, लेकिन किसी कार्रवाई से इंकार कर दिया।
उधर, खुटार थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी अकील की 30 वर्षीय पत्नी सदर जहां का शव घरवालों ने बुधवार शाम छत के कुंडे से लटकते देखा तो खलबली मच गई। परिवारवालों ने शव फांसी के फंदे से उतारा। सूचना पाकर पहुंचे मृतका के पिता लखीमपुर के थाना पलिया के गांव बेहननपुरवा निवासी निशार अली और जेठ शकील ने बताया कि लगभग तीन महीने से सदर जहां का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। कोई उसके कपड़ों तक को छू लेता तो वह तुरंत नहाती थी। कपड़ों को धोती थी। खुटार के अलावा पलिया से भी उसका इलाज चल रहा था।
बुधवार शाम घर में किसी के नहीं होने पर सदर जहां फांसी पर झूल गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। मृतका अपने पीछे दो पुत्र सात वर्षीय असलम और चार वर्षीय आफरान को छोड़ गई है। मृतका के पिता और पति ने कोई भी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया है।