खुटार (शाहजहांपुर)। बहन से राखी बंधवाने जा रहे युवक की बाइक में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। उधर, भाई का इंतजार कर रही बहन को जब इस हादसे की मनहूस खबर मिली तो वह सुधबुध खो बैठी।
पीलीभीत के कस्बा माधौटांडा निवासी 24 वर्षीय विपिन की बहन रेखा की शादी सीतापुर जनपद के कस्बा सिंधौली निवासी अवधेश से हुई है। विपिन ने मंगलवार सुबह बहन से बात की और राखी बंधवाने के लिए सिंधौली रवाना हो गया। खुटार-पूरनपुर मार्ग पर गांव कजरा मोड़ के पास उसकी बाइक में अज्ञात वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ लोगों ने उसके पास से मिले मोबाइल फोन में फीड नंबरों पर परिवार के लोगों को सूचना दी। इससे घर में कोहराम मच गया। बहन रेखा भी भाई की मौत की बात सुनकर बेसुध हो गई। विपिन के पूरनपुर क्षेत्र के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और बिना किसी कार्रवाई के शव को घर ले गए। एसओ बिरजाराम ने बताया कि सड़क हादसे में किसी मौत की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।
उधर, उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर के कसबा खटीमा के मोहल्ला बाल्मीकि बस्ती निवासी बसंत कुमार अपनी पत्नी शक्ति देवी, पुत्र शिवा, पुत्री गौरी के साथ बाइक से खुटार आ रहे थे। खुटार पूरनपुर मार्ग पर गांव सिहुरा के पास उनकी बाइक में एक कार चालक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को खुटार के सरकारी अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने के कारण बसंत और शिवा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। एक अन्य मामले में गांव दिलीपपुर निवासी अरुण मिश्रा अपने साथी गांव के ही पवन कुमार के साथ बाइक से खुटार से घर जा रहे थे। गांव रामपुर कलां के पास दुर्घटना में दोनों लोग घायल हो गया। उनका निजी डॉक्टर के यहां इलाज चल रहा है।