शाहजहांपुर। डीएम अमृत त्रिपाठी ने गलत तथ्यों के आधार पर चरित्र प्रमाण पत्र जारी करने के एक मामले में दोषी पाए गए तिलहर तहसील के लेखपाल को निलंबित कर वहां के तहसीलदार को प्रतिकूल प्रविष्टि और एसडीएम को भी चेतावनी दी है।
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव रसेवन निवासी सुबोध कुमार पुत्र भगवान स्वरूप के खिलाफ करीब एक माह पहले लेखपाल संजय प्रसाद ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब एक पखवाड़ा पहले सुबोध ने चरित्र प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया, तो लेखपाल संजय ने सुबोध पर दर्ज मुकदमे का तथ्य को छिपाते हुए चरित्र प्रमाण पत्र रिपोर्ट लगा दी। फाइल संबंधित अधिकारियों के पास से होते हुए डीएम कार्यालय पहुंची तो संजय के नाम चरित्र प्रमाण पत्र जारी हो गया। इसी बीच किसी ने मामलेे की शिकायत डीएम से की तो डीएम ने मामले की जांच एडीएम प्रशासन को सौंप दी। जांच में शिकायत सही पाए जाने की रिपोर्ट डीएम को सौंप दी गई। डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने इस मामले में प्रथम दृष्टतया लेखपाल को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के कर्मियों में खलबली मच गई है। एसडीएम मोइनुल इस्लाम ने बताया कि डीएम के आदेश पर हुई जांच में आरोप की पुष्टि होने पर लेखपाल संजय प्रसाद को निलंबित कर दिया है।