शाहजहांपुर। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार दोपहर उस वक्त हंगामा हो गया जब तीन लड़कियों ने ईएमओ डॉ. मेराज से हाथापाई कर दी। सूचना पर अजीजगंज चौकी इंचार्ज प्रदीप सेहरावत मौके पर पहुंचे। डॉ. मेराज की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले में पड़ताल कर रही है।
आरसी मिशन थाना पुलिस ने शुक्रवार रात हरदोई मोड़ से लूट की योजना बनाते तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इनका साथी राहुल अंगुरिया भाग निकला था। गिरफ्तार शोभित, शंकर सिंह, मनीष को लेकर दो कांस्टेबल शनिवार दोपहर जिला अस्पताल पहुंचे। इनका यहां मेडिकल होना था। राहुल का भाई प्रमोद उर्फ छोटू भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। राहुल का नाम लुटेरों के साथ आने के बाद परिवार वालों ने प्रमोद को अस्पताल में भर्ती करा दिया था। दोपहर के वक्त ईएमओ डॉ. मेराज तीनों आरोपियों का मेडिकल कर रहे थे। इसी दौरान राहुल की तीन बहनें नीतू, अर्चना और ऋतु इमरजेंसी पहुंची और मेडिकल प्रक्रिया की वीडियो बनाने लगीं। डॉ. मेराज ने इसका विरोध करते हुए लड़कियों के हाथों से मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि इसके बाद लड़कियों ने उनसे हाथापाई कर दी। इमरजेंसी में रजिस्टर भी फाड़ दिया। इमरजेंसी में हंगामा होने पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी पहुंच गई। तीनों लड़कियों का कहना है कि डॉक्टर ने मोबाइल छीन कर उनसे अभद्रता की थी। इस बात पर विवाद हुआ। रजिस्टर फाड़ने की बात गलत है। चौकी इंचार्ज प्रदीप सेहरावत का कहना है कि मामला सरकारी कार्य में बाधा डालने का है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।