पुवायां (शाहजहांपुर)। नाबालिग पुत्र को बहला फुसलाकर बैनामा कराने के आरोप में मां ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने पुत्र को गायब करने का आरोप भी लगाया था। पुलिस ने नाबालिग को पुवायां के एक स्थान से बरामद कर मेडिकल के लिए भेजा है।
गांव घूरखेड़ा निवासी सुखदेव सिंह की पत्नी दलजीत कौर ने बताया कि उसके पति की छह वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उसके दो पुत्र और एक पुत्री है। सभी नाबालिग हैं। बड़े पुत्र लवप्रीत सिंह की आयु 16 वर्ष है। कुछ लोगों ने उसे गुमराह कर दो फरवरी को जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बाद से लवप्रीत का कोई अता पता नहीं है। बैनामा गांव घूरखेड़ा के नेता की पत्नी रामवती के नाम हुआ है, जबकि घूरखेड़ा के देवनीश और डेलखेड़ा के गुलाब सिंह ने गवाही की है।
दलजी कौर के अनुसार उसके घर कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है और पुत्र को भी साजिशन गायब कर दिया गया है। छल, कपट कर जमीन का बैनामा भी करा लिया गया है। पुलिस ने दलजीत की तहरीर पर रामवती, गुलाब सिंह और देवनीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद सूचना के आधार पर लवप्रीत को पुवायां में बस स्टैंड से पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद दो लोग मौके से भाग निकले। लवप्रीत की आयु का निर्धारण करने के लिए उसे मेडिकल के लिए शाहजहांपुर भेजा गया है। उधर रामवती का कहना है कि लवप्रीत बालिग है और बैनामे में उसका आधार कार्ड लगा है।